Photo: Newsmorrow
Divyang Challenger Trophy 2026: पटना के ऊर्जा स्टेडियम में फ्लडलाइट की रोशनी में खेले गए दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी 2026 के फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश ने रोमांचक अंदाज में जम्मू-कश्मीर को 2 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. दिव्यांग क्रिकेट के इतिहास में यह पहला अवसर रहा जब किसी बड़े टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रात में फ्लडलाइट में आयोजित किया गया.
रोशनी से जगमगाते मैदान में खेले गए इस मुकाबले ने दर्शकों को अंत तक रोमांचित रखा. मध्य प्रदेश के लिए लकी कराड़िया और संजय कुमार साकेत ने 9वें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करते हुए जम्मू-कश्मीर के हाथों से जीत छीन ली. जम्मू-कश्मीर ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 200 रन बनाए, लेकिन मध्य प्रदेश ने 18 ओवर में 8 विकेट खोकर 202 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया.
बिहार दिव्यांग ए टीम बनी दिव्यांग टी20 कप चैंपियन, सिवान को हराया
विजेता टीम को मुख्य अतिथि बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर के कुलपति शिशिर सिन्हा ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया. वहीं उपविजेता टीम और तीसरे नंबर पर रही बिहार की टीम को बक्सर विधायक एवं पूर्व मंत्री संतोष निराला, राजेश कुमार (पुलिस महानिरीक्षक, नागरिक सुरक्षा), मनोज कुमार (उप महानिरीक्षक, होम गार्ड एवं अग्निशमन सेवा) तथा रंजीत शंकर प्रसाद (प्रभारी विधि प्रकोष्ठ, गृह विभाग, बिहार सरकार) ने सम्मानित किया. इस दौरान बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमितेश कुमार, सचिव उज्जवल कुमार सिन्हा एवं आयोजन सचिव डॉ. प्रभात चंद्रा सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे.
जम्मू-कश्मीर की दमदार शुरुआत
जम्मू-कश्मीर की शुरुआत बेहतरीन रही. राहुल शर्मा ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 56 गेंदों पर नाबाद 89 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. आकिब मलिक ने 26 गेंदों पर 43 रन की तेज पारी खेली और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 85 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई. मध्यक्रम में शाकूर बशीर ने 23 गेंदों पर 39 रन जोड़कर टीम को मजबूती दी. अंतिम ओवरों में तेज रन गति से टीम 200 के आंकड़े तक पहुंचने में सफल रही. मध्य प्रदेश की ओर से कप्तान माखन सिंह राजपूत ने 2 विकेट और अंकित सिंह बघेल ने 1 विकेट हासिल किया.
मध्य प्रदेश को लगे शुरुआती झटके
201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मध्य प्रदेश की टीम शुरुआती झटकों से उबर नहीं पा रही थी. 10.4 ओवर में 85 रन पर 8 विकेट गिर जाने के बाद जम्मू-कश्मीर की जीत लगभग तय मानी जा रही थी. बबलू बेग ने 3 विकेट लेकर और तरसेम लाल ने 2 विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था. हालांकि इसके बाद संजय कुमार साकेत और लकी कराड़िया ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया.
9वें विकेट के लिए लकी और संजय के बीच शतकीय साझेदारी
संजय कुमार साकेत ने 25 गेंदों पर नाबाद 48 रन बनाए, जिसमें 9 चौके शामिल थे. वहीं लकी कराड़िया ने 20 गेंदों पर नाबाद 67 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. दोनों के बीच 9वें विकेट के लिए 117 रन की अविजित साझेदारी हुई, जिसने मैच को पूरी तरह पलट दिया. मध्य प्रदेश ने 18वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली.
भारत–नेपाल दिव्यांग टी-20 सीरीज के लिए बिहार के धर्मेंद्र और जितेंद्र का चयन
फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए लकी कराड़िया को मैन ऑफ द मैच तथा अंकित सिंह बघेल को प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया.