Bethel School: बेथेल स्कूल, रूपडीह, मोतिहारी में रंगारंग वार्षिकोत्सव समारोह आयोजित हुआ. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ परमात्मा कुमार मिश्र, वरिष्ठ सहायक प्रोफेसर, मीडिया अध्ययन विभाग, महात्मा गाँधी केंद्रीय विश्वविद्यालय मोतिहारी और विशिष्ट अतिथि डॉ विनय कुमार सिंह, वरिष्ठ साहित्यकार थे.
अध्यक्षता विद्यालय के चेयरमैन राजेश कुमार सिंह की. स्वागत वक्तव्य स्कूल के निदेशक कुमार अमन सिंह एवं गतिविधियों की प्रस्तुति प्रधानाचार्य विश्वजीत रॉय ने दी.
सफलता गंतव्य नहीं बल्कि एक यात्रा है – डॉ मिश्र
बतौर मुख्य अतिथि डॉ परमात्मा कुमार मिश्र ने कहा कि हम सभी के लिए भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिये गये गीता का उपदेश अनुकरणीय है. मनुष्य के जीवन में कर्म सबसे महत्त्वपूर्ण है. डॉ मिश्र ने कहा कि सफलता का कोई गंतव्य नहीं होता. सफलता एक यात्रा है, जिसमें निरंतर प्रयत्न और स्वयं सुधार जरूरी है.
क्या बोले डॉ परमात्मा मिश्र?
उन्होंने कहा कि आज हमारे जीवन में तकनीकी का हस्तक्षेप बढ़ता जा रहा है. हम सभी के जीवन में दो तरह के एक पॉजिटिव और दूसरा निगेटिव इंफ्लूएंसर देखे जा सकते हैं. माता-पिता, शिक्षकों और शुभचिंतकों का हमारे प्रति पॉजिटिव इन्फ्लुएंस तो वहीं मोबाइल फोन, गेमिंग आदि के निगेटिव इंफ्लूएंस देखे जा सकते हैं. विशेषकर विद्यार्थियों के लिए यह समझना जरूरी है कि उनके जीवन में पुस्तकों और भौतिक खेल की जगह मोबाइल फोन, गेमिंग और चैटिंग ने ली है.

डॉ मिश्र ने जोर देकर कहा कि तकनीकी का संतुलित और बेहतर उपयोग अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने कहा कि आज का दिन मूल्यांकन करने का भी है कि हमने एक वर्ष में क्या किया.
शिक्षा सदैव समाधान प्रस्तुत करती है – डॉ विनय कुमार सिंह
विशिष्ट अतिथि डॉ विनय कुमार सिंह ने कहा कि समाज को सही रास्ता गुरु ही दिखाता है. गुरु व्यक्ति, समाज और राष्ट्रनिर्माता होता है. डॉ सिंह ने कहा कि शिक्षा आत्मविश्वास पैदा करती है, जो प्रत्येक मनुष्य के लिए जरूरी है. उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के मूल मंत्र देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, पढ़ाई के प्रति ईमानदारी और मूल्यनिष्ठ होना जरूरी है.
क्या बोले डॉ विनय कुमार सिंह?
प्राचीन भारीय ज्ञान-परम्परा का जिक्र करते हुए डॉ सिंह ने उसकी वैज्ञानिकता पर प्रकाश डाला. विद्यालय के चेयरमैन राजेश कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय अपने स्थापना काल 2017 से ही उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है. छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए जरूरी सभी क्रिया-कलापों पर ध्यान दिया जाता है. बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के साथ चरित्र-निर्माण और शांत वातावरण प्रदान करना सदैव हमारी प्राथमिकता में है.
स्वागत व्यक्तव्य में निदेशक कुमार अमन सिंह ने कहा हमारा प्रयास होता है कि विद्यार्थी आधुनिक जरूरतों के अनुसार शिक्षा ग्रहण करें और बेहतर इंसान बनें. उन्होंने स्कूल के भविष्य की योजनाओं के बारें में भी बताया.
प्रधानाचार्य विश्वजीत रॉय ने विद्यालय की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, चेयरमैन और निदेशक के द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ.
अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…
मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि का सम्मान चैयरमैन द्वारा स्मृतिचिह्न और बुके प्रदान कर किया गया. समारोह में स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को शील्ड और मोमेंटो प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में परीक्षा नियंत्रक, शिक्षक, शिक्षिकाओं की सक्रिय भूमिका थी. कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में अभिभावकगण, छात्र और छात्राएँ उपस्थित थे.