Vicky Vidya Ka Woh Wala Video Movie Review : दम लगाके हईशा, स्त्री, और द कपिल शर्मा शो का कॉकटेल है विक्की विधा का वो वाला वीडियो. राजकुमार राव की पिछली ब्लॉकबस्टर स्त्री 2 ने धूम मचाई थी, और तृप्ति डिमरी भी एनिमल जैसी हिट फिल्म के साथ नेशनल क्रश बन चुकी हैं. दोनों कलाकारों की पॉपुलैरिटी को भुनाते हुए, निर्देशक राज शांडिल्य ने इस फिल्म को बखूबी पेश किया है. राज ने पहले ड्रीम गर्ल और ड्रीम गर्ल 2 जैसी सुपरहिट फिल्में भी दी हैं. ऐसे में जब तीनों—राजकुमार, तृप्ति, और राज शांडिल्य—मिलें, तो सुपरहिट फिल्म की उम्मीद करना तो बनता ही है.
फिल्म ने अपने पहले दिन ही 60 करोड़ के बजट पर 5.5 करोड़ की शानदार कमाई कर ली। लेकिन बात सिर्फ कमाई की नहीं, आज हम करेंगे इस फिल्म की दिलचस्प समीक्षा.
कहानी की बात करें
फिल्म का टाइटल जैसे कहता है, वो वाला वीडियो यानी वो वाला वीडियो. राजकुमार और तृप्ति का प्यार, शादी, और फिर उनका हनीमून, सब कुछ रोमांचक मोड़ लेता है जब उनकी सुहागरात का वीडियो मेमोरी बनाकर रिकॉर्ड किया जाता है और फिर वह कैसेट चोरी हो जाती है. अब 1997 की कहानी में, जब उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश से अलग नहीं था, इस सीडी को खोजने की मस्तीभरी कहानी में ट्विस्ट भी आते हैं. कहानी का अंत एक प्यारे संदेश के साथ होता है, जो समाज और युवाओं के लिए आज भी प्रासंगिक है.
ये पूरी कहानी मजेदार है, फिल्म के दौरान बोर होने का सवाल ही नहीं उठता. हर मोड़ पर आपको कॉमेडी, रोमांस और फनी डायलॉग्स का शानदार तड़का मिलता रहेगा.
एक्टिंग की बात करें
राजकुमार राव की बात करें तो उन्होंने शादी-फंक्शन में मेहंदी लगाने वाले का रोल किया है, जो अपने किरदार में पूरी तरह से रम गए हैं. तृप्ति डिमरी, डॉक्टर के किरदार में हैं लेकिन किसी मरीज का ईलाज करते हुए दिखाई नहीं देती है, और ना ही किसी अस्पताल में. विजय राज ने फनी पुलिसवाले के रोल में जान डाल दी है। फिल्म की कॉमेडी और मस्ती में इनकी अदाकारी का बखूबी मेल दिखता है
लेखन और निर्देशन की काबिलियत
राज शांडिल्य का निर्देशन और लेखन फिल्म को खास बना देता है. ड्रीम गर्ल जैसी फिल्मों को हिट बनाने के बाद, राज ने अपनी हास्य कला का एक और रंग इस फिल्म में दिखाया है. डायलॉग्स मजेदार हैं और एकदम सही टाइमिंग के साथ आपका दिल जीत लेते हैं. लेखन और निर्देशन को अगर देखा जाए, तो इस फिल्म में राज शांडिल्य ने अपनी कॉमेडी राइटिंग की कुशलता का पूरा फायदा उठाया है.
कुछ हटके क्या है?
बॉलीवुड में अब रीजनल गायकों का जलवा है। स्त्री 2 के गाने की हिट के बाद, इस फिल्म में भी पवन सिंह ने चुम्मा गाना गाया है, जो पहले से ही सुपरहिट हो गया है. रीजनल तड़के का यह फार्मूला दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है.
फिल्म देखनी चाहिए या नहीं?
एकदम सीधी बात, बिना किसी घुमाव के—अगर आप इस दशहरा के मौके पर एंटरटेनमेंट की तलाश में हैं, तो यह फिल्म बिल्कुल आपके लिए है. वन टाइम वॉच के लिए ये फिल्म परफेक्ट है। राजकुमार राव, तृप्ति डिमरी, और राज शांडिल्य की शानदार तिकड़ी ने मिलकर इस फिल्म को एक मजेदार अनुभव बना दिया है. तो, अगर आप फन, कॉमेडी और हल्की-फुल्की रोमांस का मजा लेना चाहते हैं, तो विक्की विधा आपके लिए एक बेहतरीन चॉइस हो सकती है.